

स्थान : लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट


हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार और प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए।


कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और डकैती जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। इसके साथ ही राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

हेमवती नन्दन दुर्गापाल ने आरोप लगाया कि चंपावत, अल्मोड़ा, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल समेत कई जिलों में महिलाओं से जुड़े अपराधों में सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म, उत्पीड़न और हत्या जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। ऐसे मामलों ने जनता का सरकार और व्यवस्था से विश्वास कमजोर किया है।

कांग्रेस नेता ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में प्रशासन विफल साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ कागजों में कानून व्यवस्था बेहतर दिखाने का प्रयास कर रही है।


उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा में नाकाम सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। साथ ही उन्होंने सरकार से जनता से माफी मांगने की भी मांग की।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

