

स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार

चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल है। इसी कड़ी में Khatima के मुख्य चौक पर यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गृह क्षेत्र खटीमा में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया।


प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश में बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।


विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बॉबी राठौर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र और जिले के नजदीक इतनी बड़ी घटना होना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर पहुंच चुकी है।
बॉबी राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार ‘बेटी बचाओ’ का नारा तो देती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश की बेटियां कब सुरक्षित महसूस करेंगी।


उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार को तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।


वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता Garima Mehra Dasoni ने भी भाजपा सरकार का कड़ा विरोध करते हुए घटना की निंदा की और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।


प्रदर्शन में उमेश राठौर, रेखा सोनकर, विनोद चंद, सतपाल राणा, नरेंद्र आर्य, नीरज कन्याल, नासिर खान, जरीफ, सुरेंद्र सिंह, मनोज कोहली, मो. ताहिर, गुफरान, इमरान खान और अनिरुद्ध समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

