डोईवाला से चार स्कूली बच्चे लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

डोईवाला से चार स्कूली बच्चे लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

स्थान : देहरादून 
ब्यूरो रिपोर्ट

डोईवाला के रेशम माजरी स्थित Himalayan Public School के चार बच्चे बुधवार दोपहर स्कूल छुट्टी के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। घटना के बाद परिजनों, स्कूल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, चारों बच्चों की छुट्टी दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी। बच्चों को स्कूल बस से घर जाना था, लेकिन बताया जा रहा है कि वे बस में सवार ही नहीं हुए। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो चिंतित अभिभावक स्कूल पहुंचे।

स्कूल प्रशासन ने पुष्टि की कि बच्चे बस में नहीं बैठे थे। इसके बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोग बच्चों की तलाश में जुट गए। आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की जा रही है और संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है।

करीब छह घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोग बच्चों के सकुशल मिलने की लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।

बताया गया है कि चारों बच्चे कक्षा 7 के छात्र हैं और एक ही कक्षा में पढ़ते हैं। घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चूक स्कूल प्रशासन की ओर से हुई या किसी अन्य स्तर पर। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

स्थानीय पुलिस ने कई टीमें बनाकर तलाश अभियान शुरू कर दिया है। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बच्चों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।