

मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला रविवार को रायपुर में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलना है। लेकिन इस बड़े मैच से पहले टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि कप्तान हार्दिक पांड्या टीम के साथ रायपुर के लिए रवाना नहीं हुए हैं, जिससे उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।


टीम का पूरा स्क्वाड छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर रायपुर रवाना होने के लिए एकत्र हुआ, लेकिन हार्दिक पांड्या वहां नजर नहीं आए। इसके बाद से उनके टीम से जुड़ने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सूत्रों के मुताबिक, पांड्या पीठ दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से उन्होंने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ पिछला मुकाबला भी नहीं खेला था। उस मैच में सूर्यकुमार यादव ने कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभाई थी।


मुंबई इंडियंस प्रबंधन फिलहाल किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता, क्योंकि पांड्या टीम के अहम ऑलराउंडर हैं और उनका गेंद और बल्ले दोनों से योगदान महत्वपूर्ण है। ऐसे में उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए आराम दिया जा सकता है।

टीम के भीतर स्थिति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिछले कुछ मैचों में हार्दिक की कप्तानी पर सवाल उठे थे और टीम में असंतोष की अटकलें भी मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई हैं। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

लखनऊ के खिलाफ जीत के बाद मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम अब भी दौड़ में बनी हुई है, लेकिन हर मैच बेहद अहम हो गया है।

अगर मुंबई अपने बाकी सभी मुकाबले जीतती है, तो उसके 14 अंक हो जाएंगे और वह टॉप-4 की मजबूत दावेदार बन सकती है। हालांकि, उसे अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।



अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या हार्दिक पांड्या समय पर फिट होकर टीम से जुड़ते हैं या फिर मुंबई को बड़े मुकाबले में बिना कप्तान के उतरना पड़ेगा।


