एआरटीओ रुड़की में बड़ा एक्शन, अवैध सीएससी सेंटरों पर छापेमारी

एआरटीओ रुड़की में बड़ा एक्शन, अवैध सीएससी सेंटरों पर छापेमारी

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

परिवहन विभाग में पारदर्शिता और व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देशों के बाद एआरटीओ कार्यालय रुड़की के आसपास चल रही अनधिकृत गतिविधियों पर विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत संदिग्ध सीएससी सेंटरों और दलालों के खिलाफ सघन छापेमारी की गई। इस दौरान एक दुकान पर छापा मारकर दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर समेत कई उपकरणों को जब्त कर सील कर दिया गया।

छापेमारी की जानकारी फैलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई कथित दलाल अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए, जबकि इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।

इसके अलावा एआरटीओ कार्यालय के पास चल रही एक सेकेंड हैंड कार डीलर की दुकान की भी जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन और आवश्यक शुल्क जमा न होने पर दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

एआरटीओ जितेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि परिवहन विभाग से जुड़े सभी कार्य अब बिना किसी बिचौलिये के पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और भविष्य में ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दलालों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है।