लालकुआं में हाथियों का आतंक, लगातार हमलों से दहशत, वन विभाग अलर्ट

लालकुआं में हाथियों का आतंक, लगातार हमलों से दहशत, वन विभाग अलर्ट

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

उत्तराखंड के लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के टांडा रेंज में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते दिनों जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत के बाद अब एक महिला की भी दर्दनाक मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, महिला की मौत के महज 72 घंटे बाद ही एक और घटना सामने आई, जब शाह पठानी खत्ता क्षेत्र से गेहूं लादकर आ रहे एक टेम्पो पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हालांकि, इस दौरान टेम्पो में सवार तीनों लोग समय रहते वाहन छोड़कर भाग गए, जिससे उनकी जान बच गई।

बताया जा रहा है कि हाथी ने टेम्पो में रखी गेहूं की बोरियों को भी बर्बाद कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

इन घटनाओं के बाद वन विभाग हरकत में आया है। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में अब गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

वन विभाग की टीम ने शाह पठानी खत्ता क्षेत्र में लोगों से अपील की है कि वे जंगल के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और सतर्क रहें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इस दौरान टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने बताया कि इस समय हाथियों का सहवास काल चल रहा है, जिस कारण वे अधिक आक्रामक हो जाते हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि अत्यंत आवश्यक हो तो ही जंगल की ओर जाएं और अकेले न जाकर समूह में जाएं। साथ ही सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन और वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि विभाग इन घटनाओं पर किस तरह प्रभावी नियंत्रण कर पाता है।