लक्सर में किशोरी से जुड़े मामले पर बवाल, हाईवे जाम कर प्रदर्शन

लक्सर में किशोरी से जुड़े मामले पर बवाल, हाईवे जाम कर प्रदर्शन

स्थान : लकसर
ब्यूरो रिपोर्ट

खानपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी से जुड़े गंभीर मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस की कार्रवाई से असंतोष जताते हुए विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया।

मामला दललेवाला गांव का बताया जा रहा है, जहां आरोप है कि एक किशोरी के साथ गंभीर अपराध की घटना हुई। परिजनों और संगठनों का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश है।

इसी विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने परिजनों के साथ मिलकर एनएच-334 को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। बाद में पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया।

प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है, जिसके बाद हालात को शांत करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है।