कालसी में बुद्ध पूर्णिमा पर सैनी समाज का मेला, बौद्ध सर्किट की घोषणा

कालसी में बुद्ध पूर्णिमा पर सैनी समाज का मेला, बौद्ध सर्किट की घोषणा

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर सैनी समाज द्वारा भव्य मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और विभिन्न राज्यों से आए अतिथियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का माहौल धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह से भरा रहा।

इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, दायित्वधारी मंत्री सामवीर सैनी, क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान और हरबर्टपुर नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह सैनी सहित सैनी समाज के कई प्रमुख और प्रतिष्ठित लोग भी शामिल हुए। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बड़ी संख्या में समाज के लोग इस मेले में पहुंचे।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कालसी स्थित अशोक शिलालेख परिसर में बौद्ध सर्किट विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

महाराज ने बताया कि बौद्ध सर्किट बनने से देश-विदेश से पर्यटक इस क्षेत्र में दर्शन और भ्रमण के लिए आएंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने आयोजन को सफल बताते हुए एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।