थराली के केरा गांव में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, किसानों ने मुआवजे की मांग की

थराली के केरा गांव में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, किसानों ने मुआवजे की मांग की

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासखंड थराली के केरा गांव में बृहस्पतिवार को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से ग्रामीणों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

ग्रामीणों के अनुसार ओलावृष्टि के कारण गेहूं, आलू, सेब, कीवी, संतरा, धनिया सहित कई फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। खेतों में खड़ी फसलें और फलदार पौधों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है।

ग्रामीण सुनीता देवी ने बताया कि उनकी गेहूं और सब्जियों की फसल पूरी तरह खराब हो गई है। वहीं काश्तकार लोकपाल सिंह ने कहा कि ओलावृष्टि से फलदार पौधों पर लगे फूल झड़ गए हैं, जिससे पूरी फसल नष्ट होने की कगार पर पहुंच गई है।

गांव के अन्य किसानों ने भी बताया कि ओलावृष्टि के कारण उनकी कृषि उपज पूरी तरह प्रभावित हुई है और अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने कृषि और उद्यान विभाग से तत्काल सर्वे कराने की मांग की है।

ग्रामीणों भजन सिंह, मोहन सिंह, दीपिका देवी, जसोदा देवी, ममता देवी, सुनीता देवी, विमला देवी, सावित्री देवी, उमा देवी और कलावती देवी सहित कई लोगों ने संयुक्त रूप से प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा नहीं दिया गया, तो उनकी आजीविका पर गंभीर संकट आ जाएगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की अपील की है।