हल्द्वानी NH-109 पर रॉन्ग साइड ट्रकों का कहर, स्कॉर्पियो पलटी, यात्री घायल

हल्द्वानी NH-109 पर रॉन्ग साइड ट्रकों का कहर, स्कॉर्पियो पलटी, यात्री घायल

लोकेशन – हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग NH-109 पर रॉन्ग साइड चल रहे भारी वाहनों का आतंक लगातार जारी है। गैस प्लांट से बेरीपड़ाव के बीच स्टोन क्रशरों से उपखनिज ढो रहे ट्राले और ट्रक खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

ताजा घटना मंगलवार सुबह गैस प्लांट के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्राला गलत दिशा में आ गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो चालक ने बचने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों के भीतर यही मार्ग दो बड़े हादसों का गवाह बन चुका है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि स्टोन क्रशर से जुड़े भारी वाहन समय बचाने के लिए अक्सर रॉन्ग साइड का सहारा लेते हैं। इसका सीधा असर सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों और राहगीरों की सुरक्षा पर पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन नियमित चेकिंग अभियान न चलने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई न होने से आक्रोश बढ़ रहा है।

स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस मार्ग पर तत्काल ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त की जाए। रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

साथ ही उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और NH-109 पर चलना सुरक्षित बनाया जा सके।