
स्थान : रूड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की से एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जहां ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उल्लास, भाईचारे और एकता के संदेश के साथ मनाया गया। नमाज के बाद गले मिलते लोगों ने मोहब्बत का पैगाम दिया और समाज में सौहार्द की मिसाल पेश की।


सुबह होते ही शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए रोजेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्य ईदगाह में हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की।


नमाज के दौरान का दृश्य भावुक कर देने वाला था। हर व्यक्ति देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ करता नजर आया।


नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला, उनके नए कपड़े, ईदी और मिठाइयों की खुशियां उनके चेहरों पर साफ झलक रही थीं।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन कैमरों से निगरानी के चलते पूरा त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एडवोकेट महिपाल सिंह ने नमाज के बाद लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और मिठाइयां बांटी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है और समाज में सौहार्द बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।

ईद के इस पावन अवसर पर रुड़की में एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली। सभी धर्म और वर्ग के लोगों ने मिलकर खुशियां बांटी और समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

