
स्थान : रूड़की

ब्यूरो रिपोर्ट

पिरान कलियर की बेटी फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने अपने हौसले और मेहनत से वह मुकाम हासिल किया है, जिस पर आज पूरा क्षेत्र गर्व कर रहा है। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल कर आईएएस अधिकारी बनने का सपना साकार किया है।


जब फ़ैरुज़ फ़ातिमा अपने घर पिरान कलियर पहुंचीं तो उनका स्वागत किसी त्योहार से कम नहीं था। स्थानीय लोगों और क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं और तालियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इलाके में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने उन्हें बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

फ़ैरुज़ फ़ातिमा की इस सफलता के पीछे संघर्ष की एक लंबी कहानी है। उनके पिता इक़बाल अहमद पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। पिता की मेहनत और भरोसे ने ही फ़ातिमा को आगे बढ़ने का हौसला दिया।

फ़ैरुज़ फ़ातिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उन्हें इस उपलब्धि की बहुत खुशी है और वह इसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकतीं। उन्होंने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगातार आठ वर्षों तक कड़ी मेहनत की।
उन्होंने कहा कि तीन बार असफल होने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में सफलता हासिल की।

फ़ातिमा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि अगर हम पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करें तो सफलता अवश्य मिलती है।

