
स्थान : नैनीताल

ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी होली और रमजान पर्व के मद्देनजर जनपद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।



एसएसपी के निर्देशानुसार जनपद के सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस बल को हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।

रेलवे स्टेशन और बस स्टेशनों पर यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। बीडीएस (बम निरोधक दस्ते) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

जनपद की सीमाओं पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।


पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देने को कहा गया है।
त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस टीमों को रात्रि गश्त के भी विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन का कहना है कि होली और रमजान दोनों पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक हैं। पुलिस का उद्देश्य इन त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।


