नेपाल सीमा से जुड़ी बालिक–पंचेश्वर सड़क पर हॉट मिक्स कार्य शुरू, 32 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

नेपाल सीमा से जुड़ी बालिक–पंचेश्वर सड़क पर हॉट मिक्स कार्य शुरू, 32 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

स्थान : लोहाघाट(चंपावत)

ब्यूरो रिपोर्ट

नेपाल सीमा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण बालिक–पंचेश्वर सड़क पर लंबे इंतजार के बाद हॉट मिक्स का कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य लोक निर्माण विभाग लोहाघाट द्वारा किया जा रहा है। क्षेत्रीय जनता इसे धामी सरकार की बड़ी सौगात के रूप में देख रही है।

करीब 93 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 32 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि हरखेड़ा से लेकर खीड़ी तक हॉट मिक्स का कार्य पूरा हो चुका है और अब निर्माण कार्य किमतोली तथा लोहाघाट की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बालिक की दिशा से भी जल्द कार्य प्रारंभ किया जाएगा। वर्ष 2014 के बाद पहली बार इस सड़क पर हॉट मिक्स का कार्य हो रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और मजबूती में उल्लेखनीय सुधार होगा।

गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की इंजीनियरों की टीम लगातार मौके पर निगरानी कर रही है। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।

निर्माण कार्य के लिए हॉट मिक्स प्लांट कालसन मंदिर के समीप स्थापित किया गया है। यहां से तैयार मिश्रण को वाहनों के माध्यम से निर्माण स्थल तक पहुंचाया जा रहा है। हरखेड़ा से पंचेश्वर तक का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त था, जिसकी मरम्मत के बाद ही हॉट मिक्स बिछाया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी और यात्रा के दौरान गड्ढों से जूझना पड़ता था। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था।

अब हॉट मिक्स कार्य शुरू होने से न केवल क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि पंचेश्वर और आसपास के पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी सुगम होगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा।

लोगों ने विभाग से निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और तय समय सीमा में पूरा करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि यह सड़क निर्माण कार्य विकास की नई राह खोलेगा और नेपाल सीमा से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग को नई पहचान देगा।