चारधाम यात्रा 2026: किराया नहीं बढ़ेगा, रोटेशन व्यवस्था का गठन

चारधाम यात्रा 2026: किराया नहीं बढ़ेगा, रोटेशन व्यवस्था का गठन

स्थान : ऋषिकेश

ब्यूरो रिपोर्ट

चन्द्रभागा बस स्टैंड स्थित कार्यालय में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें चारधाम यात्रा 2026 के सफल संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भास्करानन्द भारद्वाज ने की।

बैठक में यात्रियों के हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के किराए में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाएगी। समिति ने स्पष्ट किया कि किराया पूर्व की भांति ही रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को आर्थिक राहत मिलेगी।

चारधाम यात्रा के दौरान परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रोटेशन प्रणाली का विधिवत गठन किया गया। इस व्यवस्था में उत्तराखंड की 10 परिवहन कंपनियों को शामिल किया गया है।

समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में पंजीकृत सभी बसें इसी रोटेशन व्यवस्था के अंतर्गत संचालित होंगी, ताकि यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (GMOU) के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, टिहरी गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (TGMOU) के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, रूपकुंड समिति के अध्यक्ष भोपाल सिंह नेगी, सुधीर राय, नवीन रमोला और हर्षवर्धन सिंह रावत सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। बेहतर समन्वय और पारदर्शी व्यवस्था से यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन अजय बधानी ने किया।