
स्थान -लोहाघाट

ब्यूरो रिपोट

लोहाघाट से खबर है कि मुस्लिम समुदाय के कब्रिस्तान में नमाज पढ़ने की तैयारी को लेकर विहिप ने कड़ा विरोध जताया है। विहिप के नगर अध्यक्ष अमित शाह ने बताया कि लोहाघाट में मुस्लिम समाज के पर्यटक आवास गृह के पास स्थित कब्रिस्तान में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा 45 लाख रुपए की लागत से टीन शेड, एक कक्ष और मार्ग का निर्माण कराया गया है।


अमित शाह ने कहा कि सूत्रों से जानकारी मिली है कि समुदाय विशेष के द्वारा कब्रिस्तान में नमाज पढ़ने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा हुआ तो विहिप सहित सभी हिंदूवादी संगठन इसका कड़ा विरोध करेंगे।

उन्होंने प्रशासन को मौखिक रूप से जानकारी दे दी है और कहा कि कब्रिस्तान में सिर्फ वही कार्य किए जाएं जो निर्माण के उद्देश्य से निर्धारित हैं। अमित शाह ने यह भी कहा कि यदि नमाज पढ़ी गई तो हिंदूवादी संगठन कड़ी कार्रवाई के लिए मजबूर होंगे, और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


नगर अध्यक्ष ने यह भी कहा कि लाखों रुपए की लागत से कब्रिस्तान में किए गए निर्माण कार्यों की जांच कराई जाएगी। उनका कहना है कि नमाज के लिए मस्जिद बनी हुई है, इसलिए नमाज सिर्फ मस्जिद में ही पढ़ी जाए।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की निगरानी कर रहे हैं और घटनास्थल पर शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।


