
स्थान – लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक और महिला राशन डीलर के बीच चल रही तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार देर शाम महिला राशन डीलर ने उपभोक्ताओं के साथ लक्सर कोतवाली पहुंचकर क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


गौरतलब है कि क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता देवी और मिर्जापुर सादात गांव निवासी महिला राशन डीलर सुषमा पत्नी सोमवीर चौधरी के बीच बीते कुछ दिनों से आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला चल रहा है। बृहस्पतिवार को शिकायत मिलने के बाद खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता देवी ने लक्सर गांव स्थित सुषमा की राशन की दुकान पर निरीक्षण किया और दुकान पर ताला लगा दिया था।


इस कार्रवाई के बाद खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने राशन डीलर सुषमा के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि निरीक्षण के दौरान राशन डीलर ने उनके साथ कहासुनी की।

वहीं, शुक्रवार देर शाम राशन डीलर सुषमा चौधरी ने उपभोक्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर पलटवार किया। अपनी तहरीर में सुषमा ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की थी और मांग पूरी न होने पर दुकान सीज करने की धमकी दी गई।
राशन डीलर का यह भी आरोप है कि क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक द्वारा सभी राशन डीलरों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। सुषमा ने यह भी कहा कि निरीक्षण के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे परेशान होकर उन्हें पुलिस की शरण लेनी पड़ी। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
उधर, कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता देवी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि राशन डीलर सुषमा चौधरी उनके खिलाफ उलटी-सीधी बयानबाजी कर रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी गई है और उच्च अधिकारियों को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।

