
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

ज्वालापुर के पीठ बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण खंभे से लपटें उठने लगीं और तेज चिंगारियां निकलने लगीं।


घटना के दौरान खंभे से निकलती चिंगारियों को देखकर व्यस्त बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर हटते नजर आए और कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते लोगों ने खंभे से दूरी बना ली, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से विभाग द्वारा एहतियातन कुछ समय के लिए क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई, ताकि आग और अधिक न फैल सके।
बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और खंभे में लगी आग को बुझाया। इसके बाद विद्युत आपूर्ति को धीरे-धीरे बहाल किया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगे जर्जर बिजली के तारों और पुराने खंभों की मरम्मत की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से अपील की है कि बाजार क्षेत्र में नियमित निरीक्षण और रखरखाव किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं से भविष्य में बचाव हो सके।

