
टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा आईसीसी टी-20 बैटर रैंकिंग में लगातार छह महीने से नंबर-1 बने हुए हैं। बुधवार को जारी ताजा रैंकिंग में 929 अंकों के साथ उन्होंने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। अभिषेक पहली बार 30 जुलाई 2025 को नंबर-1 बैटर बने थे और तब से लगातार अपनी बादशाहत कायम किए हुए हैं।


न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने पहले मैच में 84 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि तीसरे मुकाबले में 68 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी निरंतरता ने भारतीय बल्लेबाजी को मजबूती दी है।

टीम इंडिया के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक महीने बाद टॉप-10 में वापसी की है। इस हफ्ते उन्हें पांच स्थान का फायदा मिला और वह 717 रेटिंग अंकों के साथ सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। दिसंबर में सूर्या टॉप-10 से बाहर हो गए थे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में सूर्या ने जबरदस्त वापसी की है। पिछले दो मुकाबलों में उन्होंने लगातार दो अर्धशतक लगाए और दोनों ही मैचों में नाबाद रहे, जिसका सीधा फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला।

भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा 781 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं टी-20 ऑलराउंडर्स रैंकिंग में हार्दिक पांड्या एक स्थान ऊपर चढ़कर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं, जो भारत के लिए शुभ संकेत है।
टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत से ठीक 10 दिन पहले जारी इस रैंकिंग में भारत को कई सकारात्मक संकेत मिले हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के चलते कई भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार हुआ है, जिससे टीम का मनोबल बढ़ा है।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी-20 बॉलर्स रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाई है। तीसरे टी-20 में तीन विकेट लेने के बाद वह अब 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं वरुण चक्रवर्ती पहले दो मैचों में तीन विकेट लेकर टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में पहले नंबर पर बने हुए हैं।

ऑलराउंडर्स की सूची में हार्दिक पांड्या के अलावा शिवम दुबे को भी फायदा हुआ है। दुबे ने छह पायदान की छलांग लगाकर 11वां स्थान हासिल किया है। इस सूची में जिम्बाब्वे के अनुभवी खिलाड़ी सिकंदर रजा शीर्ष स्थान पर कायम हैं।

