
स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून जिले से वन विभाग की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। चकराता वन प्रभाग के अंतर्गत आरक्षित वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कब्जों को ध्वस्त किया।


यह कार्रवाई कालसी क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा था। चकराता वन प्रभाग की रीवर रेंज अंतर्गत कालसी-15 क्षेत्र में आज उप प्रभागीय वनाधिकारी कालसी के नेतृत्व में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।

वन विभाग के अनुसार सूरत सिंह द्वारा आरक्षित वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। पहले ही इस मामले में केस दर्ज किया गया था


और प्रभागीय वनाधिकारी द्वारा बेदखली के आदेश पारित किए गए थे। अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी दिया गया था, लेकिन कब्जा हटाने में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आदेशों के अनुपालन में आज की कार्रवाई में अन्य लोगों द्वारा आरक्षित वन क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमणों को भी ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से जमा की गई खनन सामग्री को जब्त किया गया और कुछ सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

पूरा अभियान उप प्रभागीय वनाधिकारी राजीव नयन नौटियाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। टीम में वन क्षेत्राधिकारी विजय सिंह नेगी, वन दरोगा कमल नयन जखमोला, वन बीट अधिकारी कौर सिंह सहित वन विभाग का स्टाफ और पुलिस बल मौजूद था।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित वन भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि वन भूमि से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

