
स्थान – बाजपुर

रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

कोसी नदी में जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर बैक का प्रयोग कर हो रहे खनन के विरोध में ग्राम रतनपुरा के ग्रामीण बुधवार को सड़कों पर उतरे। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पति प्रदीप सागर के नेतृत्व में एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि खनन में मशीनों के उपयोग पर तत्काल रोक लगाई जाए।


ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की नीति के अनुसार खनन कार्य केवल श्रमिकों द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों में कराया जाना चाहिए। लेकिन कुछ खनन कारोबारी नियमों की अवहेलना करते हुए जेसीबी और ट्रैक्टर बैक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस वजह से हजारों गरीब श्रमिकों का रोजगार छिन गया है और वे भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।


ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2001 से 2010 तक कोसी नदी क्षेत्र में खनन कार्य श्रमिकों द्वारा किया जाता था, जिससे सैकड़ों परिवारों का पालन-पोषण होता था। अब मशीनों के इस्तेमाल के कारण गरीब मजदूरों के सामने आजीविका संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्राम प्रधान प्रदीप सागर ने जिलाधिकारी नितिन भदोरिया, एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा और मुख्यमंत्री से मांग की कि जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर बैक पर रोक लगाकर खनन कार्य श्रमिकों के माध्यम से कराया जाए।
एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इस विषय में खनन कारोबारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का यह विरोध न केवल रोजगार के मुद्दे को उजागर करता है बल्कि यह श्रमिक आधारित खनन नीति के पालन की भी मांग है।

