सुखवंत सिंह आत्महत्या मामला: सीएम के सख्त निर्देश, कुमाऊं कमिश्नर को जांच सौंपी

सुखवंत सिंह आत्महत्या मामला: सीएम के सख्त निर्देश, कुमाऊं कमिश्नर को जांच सौंपी

स्थान – हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर से जुड़ा एक मामला इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उधम सिंह नगर निवासी सिख युवक सुखवंत सिंह ने बीते दिनों हल्द्वानी पहुंचकर आत्महत्या कर ली।

आत्महत्या से पहले सुखवंत सिंह ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया था, जिसमें उन्होंने खुद को न्याय न मिलने की बात कहते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे।

मामले के सामने आते ही प्रदेश में हड़कंप मच गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया और उधम सिंह नगर की संबंधित पूरी पुलिस चौकी को निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही इस संवेदनशील मामले की जांच कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सौंप दी गई है। कमिश्नर दीपक रावत ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सुखवंत सिंह द्वारा जारी किए गए वीडियो के आधार पर जिन-जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे जवाब तलब किया जाएगा।

कमिश्नर ने संकेत दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।

फिलहाल पूरे प्रदेश की नजर इस जांच पर टिकी हुई है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और क्या सुखवंत सिंह द्वारा लगाए गए न्याय न मिलने के आरोपों की पुष्टि हो पाती है या नहीं।