

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट


साल 2026 की शुरुआत धर्मनगरी हरिद्वार में पूरी तरह धर्म और आस्था के रंग में रंगी नजर आई। नए साल की पहली सुबह से ही शहर में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही देखने को मिली। गंगा तटों से लेकर प्रमुख मंदिरों तक भक्ति का विशेष माहौल बना रहा।




कनखल स्थित प्राचीन दक्षेश्वर महादेव मंदिर में तड़के भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नए साल के पहले दिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



बीते वर्षों की तुलना में इस बार बड़ी संख्या में लोगों ने मनोरंजन के बजाय मंदिरों में पूजा-अर्चना कर नए साल की शुरुआत की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और मंत्रोच्चार से गूंजता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

धर्म राजधानी हरिद्वार में नए साल की यह शुरुआत साफ संदेश देती है कि आस्था और विश्वास आज भी लोगों की पहली प्राथमिकता हैं। नए वर्ष के पहले दिन भगवान के चरणों में सिर झुकाकर लोगों ने न सिर्फ अपनी श्रद्धा प्रकट की, बल्कि आने वाले वर्ष को मंगलमय बनाने की कामना भी की।




