

स्थान – डोईवाला
ब्यूरो रिपोर्ट


डोईवाला। जहां सरकार पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर पहल कर रही है, वहीं आम लोग भी अब इस दिशा में जागरूक दिखाई दे रहे हैं। इसी कड़ी में डोईवाला के सिमलास ग्रांट क्षेत्र में साल 2025 के अंतिम दिन एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।




कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व सैनिक किसान संगठन के महासचिव दर्पाण बोरा ने किया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर और नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने भी हिस्सा लेकर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।



कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सिर्फ पौधे ही नहीं लगाए, बल्कि उनके संरक्षण और देखभाल का संकल्प भी लिया। दर्पाण बोरा ने बताया कि संगठन ने 2027 तक 51 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, और अभी तक 11 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं, जो सकुशल जीवित हैं।



दर्पाण बोरा ने कहा कि सिर्फ पौधे लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी है। उनके संगठन द्वारा लगाए गए सभी पौधों की समय-समय पर निगरानी और देखभाल की जाती है, ताकि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

यह कार्यक्रम स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और सामूहिक प्रयास के महत्व को उजागर करने वाला साबित हुआ।


