लोहाघाट–पिथौरागढ़ हाईवे पर पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला

लोहाघाट–पिथौरागढ़ हाईवे पर पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला

स्थान – लोहाघाट
ब्यूरो रिपोर्ट

खटीमा से पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला की ओर मुर्गियों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन UK 05 CA 2369 साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर की सुबह लोहाघाट–पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंतोली के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में पिकअप चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके टायर तक उखड़ गए

पिकअप में लदी कई मुर्गियों की दबने से मौत हो गई, जिससे पोल्ट्री फार्म स्वामी को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार या चालक को नींद की झपकी आना मानी जा रही है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक और परिचालक को वाहन से बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक बड़ा हादसा बाल-बाल टल गया, क्योंकि सड़क पर उस समय अन्य वाहन मौजूद होते तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।