

स्थान – उत्तरकाशी

ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में उत्तरांचल उत्थान परिषद् के तत्वावधान में जिला प्रेक्षागृह में युवा जनप्रतिनिधि सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर तक सभी जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित करना तथा उनके अनुभवों, सुझावों और विचारों के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाना रहा।



सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तराखंड प्रांत के प्रांत प्रचारक शैलेन्द्र मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में युवा जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। पंचायत से लेकर उच्च स्तर तक जनप्रतिनिधियों का आपसी संवाद समाज और संगठन दोनों को मजबूती प्रदान करता है।



कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े अनुभव साझा किए और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर उपयोगी सुझाव भी दिए। सम्मेलन के माध्यम से संगठनात्मक समन्वय, जनसेवा और विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई।



इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत और आकर्षक बना दिया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही, जिससे आयोजन सफल और प्रभावशाली रहा।



