

स्थान – बाजपुर

ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से कोहरे की आंख मिचोली जारी है। बाजपुर नगर में बीते दिन कुछ समय के लिए लोगों को सूर्य देव के दीदार हुए, जिससे ठंड में थोड़ी राहत मिली, लेकिन आज सुबह एक बार फिर घने कोहरे ने पूरे इलाके को ढक लिया है।



मौसम की यह स्थिति इतनी गंभीर है कि दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सीमित हो गई है। हाईवे पर दो-पहिया और चौपहिया वाहन चालकों को फोग लाइट और हेडलाइट का सहारा लेना पड़ रहा है। कोहरे और ठंड के चलते लोग घर में रजाई में दुबकने को मजबूर हैं।



चौपहिया वाहन चालकों के लिए साइन बोर्ड और मार्ग संकेत भी सही से दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे सड़क पर यातायात खतरे में दिख रहा है।


स्कूली बच्चे भी सुबह सर्दी और कोहरे के प्रकोप से बच नहीं पा रहे हैं। कई बच्चों और अभिभावकों ने स्कूल में छुट्टी की मांग की है। वहीं, यात्रा करने वाले यात्री और ऑटो चालक भी मौसम की वजह से प्रभावित हैं और सुरक्षित यात्रा में कठिनाई महसूस कर रहे हैं।


प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।



