नव वर्ष और त्योहारों को लेकर दून पुलिस अलर्ट, शहरभर में सघन चेकिंग अभियान

नव वर्ष और त्योहारों को लेकर दून पुलिस अलर्ट, शहरभर में सघन चेकिंग अभियान

स्थान – देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

नव वर्ष और आगामी त्योहारों को देखते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दून पुलिस ने नगर और देहात क्षेत्रों में सघन आकस्मिक चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। अभियान की निगरानी सभी क्षेत्राधिकारियों द्वारा स्वयं मौके पर मौजूद रहकर की जा रही है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें सीमावर्ती चेक पोस्टों, आंतरिक मार्गों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशनों, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच कर रही हैं। सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए अभियान में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम की भी मदद ली जा रही है।

अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक 3,799 वाहनों की चेकिंग की है, जबकि 4,981 व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

एसपी सिटी देहरादून ने बताया कि संदिग्धों की तलाश और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्ती से शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।