

स्थान – हरिद्वार

रिपोर्ट – धर्मराज


सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद बृज पाल सिंह राठौर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। राठौर पर पुलिस मॉडर्न स्कूल, 40वीं बटालियन पीएसी हरिद्वार की मान्यता नवीनीकरण के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।



विजिलेंस के अनुसार, इस मामले में मंगोलपुर के प्रधानाध्यापक मुकेश भी सहभियुक्त हैं। दोनों को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगेहाथ पकड़ा गया। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।


बताया जा रहा है कि स्कूल की मान्यता नवीनीकरण की फाइल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता की सूचना पर विजिलेंस टीम ने पूरी तैयारी के साथ ट्रैप लगाया और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।


सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार खंड शिक्षा अधिकारी बृज पाल सिंह राठौर की पत्नी देहरादून में CO के पद पर तैनात हैं। कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को देहरादून ले गई, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


विजिलेंस की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।



