अवैध बसावट को लेकर सियासी घमासान, धामी के बयान से बढ़ी हलचल

अवैध बसावट को लेकर सियासी घमासान, धामी के बयान से बढ़ी हलचल

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध लोगों को बसाने का कार्य किया है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी बहस शुरू हो गई है और यह मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।

इस मामले में भाजपा विधायक विनोद चमोली ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार अवैध लोगों और अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, लेकिन कांग्रेस हर बार इस कार्रवाई का विरोध करती नजर आती है। विधायक का कहना है कि कांग्रेस के इस रवैये से साफ होता है कि वह अवैध रूप से बसे लोगों को बचाने और उन्हें संरक्षण देने का काम कर रही है।

विनोद चमोली ने आगे कहा कि जब भी प्रशासन अवैध निर्माण या अवैध बसावट के खिलाफ कदम उठाता है, कांग्रेस उसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर विरोध करती है। इससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि कांग्रेस की मंशा अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई रोकने की है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों की जनसांख्यिकी और संसाधनों की सुरक्षा के लिए अवैध बसावट के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। वहीं कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।