

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

चंपावत जिले के गौरल चौड़ मैदान स्थित ऑडिटोरियम में एक दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय ने किया।





महोत्सव में जिले के चारों विकासखंडों से चयनित टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए लोहाघाट विकासखंड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत खड़ायत ने बताया कि विभाग द्वारा पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक समय-समय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। उन्हीं के क्रम में यह युवा महोत्सव भी आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर चयनित टीमों ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई और अब चयनित टीम राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगी।






महोत्सव के दौरान युवाओं ने भाषण, पेंटिंग, कहानी, कविता, लोकगीत, लोकनृत्य, एकांकी और शास्त्रीय गायन जैसी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
लोहाघाट ब्लॉक से प्रतिभाग करने वाले युवा कलाकार अजय कलखुड़िया ने कहा कि युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह मंच युवाओं की प्रतिभा निखारने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम लगातार आठ बार जिला से राज्य स्तर तक प्रतिभाग कर चुकी है।

इस अवसर पर जिले के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए तालियाँ बजाईं।





