हरिद्वार में राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम ने किया गंगा स्नान, साइबर क्राइम जागरूकता में गाजियाबाद की बेटी कामाक्षी शर्मा बनीं प्रेरणा

हरिद्वार में राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम ने किया गंगा स्नान, साइबर क्राइम जागरूकता में गाजियाबाद की बेटी कामाक्षी शर्मा बनीं प्रेरणा

स्थान- हरिद्वार
रिपोर्ट- धर्मराज

राष्ट्रीय महिला आयोग के मीडिया सलाहकार शिवम गर्ग राजधानी देहरादून में आयोग के एक विशेष कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम के साथ हरिद्वार पहुंचे, जहाँ उन्होंने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ गाजियाबाद की बेटी कामाक्षी शर्मा भी मौजूद रहीं, जिन्होंने साइबर क्राइम की रोकथाम के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कामाक्षी शर्मा का नाम “वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स” में दर्ज है। उन्होंने वर्ष 2019 में जम्मू से कन्याकुमारी तक एक माह का अभियान चलाकर 50,000 से अधिक पुलिसकर्मियों, जिनमें कई आईपीएस अधिकारी भी शामिल थे, को साइबर अपराध की रोकथाम का प्रशिक्षण दिया था।

हरिद्वार में गंगा तट पर मीडिया से बातचीत करते हुए शिवम गर्ग ने कहा —

“हमारा उद्देश्य युवाओं को जोड़ना और महिला आयोग व विश्वविद्यालयों के बीच एक मजबूत सेतु बनाना है। जब कोई व्यक्ति दिल्ली से उत्तराखंड आता है और माँ गंगा की आराधना किए बिना लौट जाता है, तो वह कुछ अधूरा छोड़ देता है। जीवन से पहले सुकून और जीवन के बाद मोक्ष — दोनों ही हरिद्वार के घाटों पर मिल जाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड को जल्द ही राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से एक विशेष तोहफा मिलने वाला है।

वहीं, कामाक्षी शर्मा ने बताया कि बिना किसी सरकारी पद के बावजूद उन्होंने देशभर में साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया है। उन्होंने कहा —

“साल 2019 से मैंने 50 हजार पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया है। हाल ही में मुंबई में मेरी बायोपिक फिल्म के लिए हस्ताक्षर हुए हैं, जिसमें मेरी भूमिका एक बड़ी बॉलीवुड अभिनेत्री निभाएंगी।”

मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं कामाक्षी शर्मा की यह उपलब्धि अब युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।