

स्थान : रामनगर, उत्तराखंड
संवाददाता : सलीम अहमद साहिल


रामनगर। किस्मत आजमाने निकले जुआरियों की किस्मत उस वक्त पलट गई जब पुलिस ने अचानक धावा बोल दिया। रामनगर क्षेत्र के एक निर्माणाधीन रिसॉर्ट में बिछी थी जुए की बेसात — नोटों और पत्तों का खेल जोरों पर था। हर पत्ते पर लग रहे थे दांव, लेकिन पुलिस ने ऐसा “छक्का” जड़ा कि पूरा खेल वहीं खत्म हो गया।



रामनगर पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी करते हुए कुल 29 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹1,57,000 नकद, ताश की कई गड्डियां और अन्य जुआ सामग्री बरामद की।


पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में कुछ स्थानों पर अवैध जुए का कारोबार चल रहा है। इस पर सीओ सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की और तीन स्थानों पर एक साथ छापा मारा।


छापेमारी के दौरान जुआ खेलते हुए पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसएचओ रामनगर सुशील कुमार ने बताया कि, “अवैध जुए के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को इस तरह के अपराध में लिप्त पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा।”


इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।


रिसॉर्ट में हुआ यह छापा अब लोगों के बीच “किस्मत आजमाने वालों का बड़ा सबक” बन गया है।


