

स्थान – खटीमा उधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार


उधम सिंह नगर के खटीमा नानकमत्ता हाईवे पर आज एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहन की जोरदार भिड़ंत के चलते चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।



जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी हसनपुर (सम्भल, यूपी) के निवासी थे और विद्युत लाइन के काम के लिए खटीमा के सड़ासड़िया क्षेत्र में ठेकेदार के साथ काम कर रहे थे। मृतक मजदूरों के नाम हैं: अखिलेश (26) पुत्र अंतराम, जयवीर सिंह (31) पुत्र श्यामलाल, गुरमुख (18) पुत्र राजेन्द्र और शिशपाल (22) पुत्र महावीर, जबकि घायलों में प्रदीप उर्फ बाबू, जयवीर और पुरूषोत्तम शामिल हैं।



शनिवार को ये सभी दीपावली की छुट्टी मनाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर हसनपुर लौट रहे थे, तभी खटीमा के पास हाईवे पर सामने से आ रही पिकअप वाहन से उनकी ट्रॉली आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार मजदूरों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।


मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को नागरिक अस्पताल खटीमा पहुंचाया गया, जहां से उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।



पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।




