


स्थान – बाजपुर
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

ऊधम सिंह नगर जिले के चकरपुर स्थित शिवाय नर्सिंग होम में शनिवार को डिलीवरी के दौरान एक नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से आक्रोशित लोगों को शांत कराया।





जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के रायपुर स्वार चुन्नावाला निवासी सुधीर कुमार की 24 वर्षीय पत्नी स्वेता गर्भवती थी। शुक्रवार रात करीब नौ बजे परिजन उसे शिवाय नर्सिंग होम, चकरपुर में भर्ती कराने लाए थे।

शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे प्रसव के दौरान स्वेता के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी।



घटना की जानकारी मिलते ही बाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि नवजात शिशु का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।





