लक्सर में राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने वन विभाग कार्यालय का किया निरीक्षण, सूखे पेड़ों के सर्वे के दिए निर्देश

लक्सर में राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने वन विभाग कार्यालय का किया निरीक्षण, सूखे पेड़ों के सर्वे के दिए निर्देश

स्थान: लक्सर

पारिस्थितिकीय पर्यटन एवं वन सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने शुक्रवार को लक्सर वन विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क किनारे खड़े सूखे व जर्जर पेड़ों का सर्वे कर उन्हें कटवाने के निर्देश वन क्षेत्राधिकारी को दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर पाई गई, जिस पर राज्यमंत्री जमदग्नि ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नए भवन का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और वे स्वयं मुख्यमंत्री से बात कर इसका बजट जल्द स्वीकृत करवाएंगे

उन्होंने कहा कि वन विभाग में काफी पद रिक्त पड़े हैं, जिससे कर्मचारियों पर अत्यधिक कार्यभार है। सरकार जल्द ही इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है ताकि विभागीय कार्यों में तेजी लाई जा सके।

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन संपदा की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से उल्लू, कछुए जैसे संरक्षित एवं दुर्लभ वन्य जीवों की तस्करी रोकने के लिए गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

जमदग्नि ने कहा कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे खड़े दशकों पुराने सूखे पेड़ बरसात या तूफान में गिरकर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं। इसलिए इन पेड़ों का सर्वे कर सुरक्षित रूप से हटाने की कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान उप वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार, वन दरोगा अनीस सैनी, सोनी पंवार, भाजपा नेता जितेंद्र चौधरी और शिवम त्यागी मौजूद रहे।