चंपावत के लोहाघाट में सड़कें बदहाल, मुख्यमंत्री के आदेशों की उड़ रही धज्जियां

चंपावत के लोहाघाट में सड़कें बदहाल, मुख्यमंत्री के आदेशों की उड़ रही धज्जियां

स्थान: लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 31 अक्टूबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के आदेशों को स्थानीय अधिकारी कितनी गंभीरता से ले रहे हैं, इसका उदाहरण चंपावत जिले के लोहाघाट में देखने को मिल रहा है। एनएच कार्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क बदहाल और गड्ढों से पटी हुई है।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेंद्र राय और अन्य ने बताया कि लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग एमजे होटल से लेकर मरोड़ाखान तक लगभग 4 किलोमीटर लंबा हिस्सा लावारिस हालत में है। सड़क में गड्ढे होने के कारण रोजाना सैकड़ों वाहन मुश्किल से गुजरते हैं। पाटन नर्सरी के पास सड़क की हालत एक वर्ष से भी अधिक समय से खराब है, लेकिन एनएच के अधिकारियों ने इसे ठीक कराने की कोई पहल नहीं की।

सड़क की नालियां भी पूरी तरह बंद हैं, जिससे बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं हो पाती। शैलेंद्र राय ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से में मुख्यमंत्री के आदेशों का कोई असर नहीं दिख रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई सड़कें गड्ढों और खराब नालियों से भरी हुई हैं, बावजूद इसके स्थानीय अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है।

उन्होंने शासन प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग के इस हिस्से के गड्ढों को भरने और सड़क में डामरीकरण करने की मांग की है। अब यह देखने की बात है कि एनएच अधिकारी मुख्यमंत्री के निर्देशों को कब गंभीरता से लेते हैं और सड़क की सुध लेते हैं।