

स्थान: मसूरी भाजपा युवा मोर्चा उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली के मसूरी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राधा कृष्ण मंदिर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मैंदोली ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वे आभारी हैं और पूरी प्रतिबद्धता के साथ युवाओं के हित में काम करेंगे।


उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों का दौरा कर युवाओं से सीधा संवाद करना होगा, ताकि आगामी चुनावों में युवाओं की भागीदारी निर्णायक साबित हो सके। मैंदोली ने कहा कि युवा मोर्चा का ढांचा पहले से मजबूत है, लेकिन इसमें नई ऊर्जा और नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। बूथ स्तर तक टीमों को सक्रिय कर संगठन की पकड़ हर गांव और कस्बे तक पहुंचाई जाएगी।


उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारा प्रयास रहेगा कि हर युवा तक भाजपा की नीतियां और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सोच पहुंचे। उत्तराखंड का युवा जागरूक है और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।”



मैंदोली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं के लिए उठाए गए कदमों का हवाला देते हुए कहा कि भर्तियों में पारदर्शिता, प्रतियोगी परीक्षाओं में सख्ती, बेरोजगारी को कम करने की योजनाएं और स्टार्टअप को बढ़ावा देने जैसे फैसले अब जमीन पर असर दिखा रहे हैं।


उन्होंने दावा किया कि 2027 विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, क्योंकि जनता ने विकास को देखा है और युवा वर्ग भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है।


