


स्थान – बाजपुर, दोराहा

रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू

ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कार्यकारी अभियंता का घेराव करते हुए इस मुद्दे पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।





ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में लगाए गए नए डिजिटल मीटरों के कारण बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी आय सीमित है, ऐसे में इतने अधिक बिजली बिल भर पाना संभव नहीं है।


इस दौरान कार्यकारी अभियंता ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि विभाग की ओर से यूनिट रेट में किसी प्रकार की कटौती या हेरफेर नहीं की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की शिकायतों की जांच के लिए दो चेक मीटर लगाए जाएंगे, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिजली की खपत वास्तविक है या कहीं तकनीकी त्रुटि या चोरी की संभावना है।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की कि जांच पूरी होने तक बिजली बिलों में राहत दी जाए, ताकि गरीब तबके को राहत मिल सके।





