भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील

भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील

हल्द्वानी/नैनीताल: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई नदी-नाले खतरनाक स्तर तक उफान पर आ गए हैं। देवखड़ी नाला, भाखड़ा नदी (लामाचौड़), रकसिया नाला (दमुवाढूंगा), कलसिया नाला और शेरनाला (चोरगलिया) में पानी का बहाव तेज होने के कारण प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई हैं।

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार प्रभावित इलाकों में भ्रमण कर अनाउंसमेंट के माध्यम से स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि बारिश के चलते नदियों और नालों के किनारे जाना खतरनाक हो सकता है। विशेषकर निचले इलाकों और पुलों के पास लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थान पर रखें और नदी-नाले के किनारे न जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं।

स्थानीय प्रशासन ने यह भी बताया कि बारिश और तेज बहाव की स्थिति को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या के लिए स्थानीय पुलिस या आपदा प्रबंधन अधिकारियों से संपर्क करें।

इस बीच, ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पानी का बहाव अधिक है, वहां प्रशासन द्वारा सुरक्षित स्थानों पर नागरिकों को स्थानांतरित करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि बारिश लगातार बनी रहती है तो प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज किया जाएगा।