

रिपोर्ट : दीपक नौटियाल
स्थान : उत्तरकाशी


उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही तेज बारिश और भूधसाव ने एक बार फिर तबाही मचा दी है। उत्तरकाशी जिले के अगोडा गाँव में सोमवार देर रात एक बड़ा मकान भरभरा कर ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घरवाले सतर्क थे और समय रहते भाग कर अपनी जान बचाने में सफल रहे।



ग्रामीणों ने बताया कि भूधसाव की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है, और आधा दर्जन से अधिक मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। इस भयावह स्थिति के चलते कई परिवारों ने गांव छोड़कर सुरक्षित स्थानों में शरण ली है। गांव के लोग अब प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।


धरासू के पास भारी लैंडस्लाइड, NH हुआ बंद

इसी बीच उत्तरकाशी जिले के धरासू बैंड के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) भी एक बड़े भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गया है। पहाड़ी से अचानक मलबा, बड़े-बड़े पत्थर और पेड़ गिर पड़े जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है।


तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह से पहाड़ी से भारी मात्रा में मलवा सड़क पर आ चुका है। प्रशासन की ओर से मौके पर मशीनें तैनात की गई हैं और सड़क को खोलने का प्रयास जारी है।

गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर भी अवरोध

जिला प्रशासन के अनुसार, गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो चुके हैं। जिला अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है, ऐसे में सावधानी बरतना जरूरी है।

अधिकारियों का कहना है कि अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही लोगों को सड़क पार कराया जा रहा है, और संबंधित टीमें मौके पर लगातार कार्यरत हैं।


प्रशासन से अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम अपडेट और प्रशासन की सलाह का पालन करें तथा जरूरी न हो तो यात्रा से परहेज करें। जिन इलाकों में भूधसाव और भूस्खलन की आशंका है, वहाँ रह रहे लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है।


