हल्द्वानी में महिला योग प्रशिक्षक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, योगा सेंटर के बाहर हंगामा

हल्द्वानी में महिला योग प्रशिक्षक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, योगा सेंटर के बाहर हंगामा

रिपोर्ट – ऋषि कपूर
स्थान – हल्द्वानी

मुखानी क्षेत्र स्थित जेकेपुरम कॉलोनी में किराये पर रहने वाली 35 वर्षीय महिला योग प्रशिक्षक ज्योति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला अब तूल पकड़ चुका है। मृतका की मां दीपा मेर ने स्थानीय योगा सेंटर के संचालकों और उनके परिजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए मुखानी थाने में तहरीर दी है

घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को पीड़ित परिजनों और स्थानीय लोगों ने योगा सेंटर के बाहर प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में भी लिया गया, जिसके विरोध में परिजन थाने में धरने पर बैठ गए।

क्या है मामला?

परिजनों के अनुसार, ज्योति की 31 जुलाई को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मौत हो गई थी। उनके सिर के पिछले हिस्से में सूजन और हाथ व गले पर संदिग्ध निशान मिले थे। मृतका की सहेली ने सुबह छह बजे परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी थी।

ज्योति, मूल रूप से हल्दूचौड़ तुलारामपुर निवासी थीं और वर्ष 2018 में जोधपुर निवासी कमल से उनका विवाह हुआ था। वर्तमान में वे हल्द्वानी में रहकर एक निजी योगा सेंटर में ट्रेनर के रूप में कार्यरत थीं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि योगा सेंटर संचालक के दोनों भाई उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। यह बात उन्होंने अपनी भाभी से भी साझा की थी।

पुलिस की कार्रवाई

मुखानी थाना पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर प्राप्त कर ली है और जांच शुरू कर दी है
क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी ने बताया कि मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

न्याय की मांग

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि मामले की सीबीआई या SIT जांच करवाई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। धरना दे रहे परिजन तब तक उठने को तैयार नहीं हुए जब तक हत्या की एफआईआर दर्ज नहीं की जाती।


स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या थी या सुनियोजित हत्या।