

पौड़ी, 31 जुलाई –
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 की मतगणना गुरुवार सुबह जिले भर में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई।



सुबह ठीक 7:40 बजे संबंधित उपजिलाधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी की मौजूदगी में स्ट्रॉंग रूम का ताला खोला गया। इसके तुरंत बाद निर्वाचन कर्मियों ने मतपेटिकाओं को मतगणना कक्षों में पहुंचाना शुरू कर दिया।



सुबह 8:00 बजे से जनपद के सभी 15 विकासखंडों में एक साथ मतगणना प्रारंभ हो गई। प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया के लिए पुख़्ता सुरक्षा व्यवस्था की है।



गौरतलब है कि पौड़ी जनपद में कुल 1166 ग्राम पंचायतें हैं। इस चुनाव में 975 ग्राम प्रधान, 346 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 38 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान कराया गया था।



मतगणना के लिए 15 विकासखंडों में कुल 180 टेबल लगाई गई हैं, जहां निर्वाचन कर्मी तेजी से मतों की गिनती कर रहे हैं। शुरुआती घंटों में ही कई क्षेत्रों से बढ़त के रुझान मिलने लगे हैं।


जिलेभर में मतगणना केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ जमा है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र किसी को भी बिना अनुमति प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जिला प्रशासन मतगणना को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने हेतु पूरी सतर्कता बरत रहा है।



