लक्सर के सिकंदरपुर गांव में राशन डीलर चयन को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई घायल

लक्सर के सिकंदरपुर गांव में राशन डीलर चयन को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई घायल

लोकेशन : लक्सर
रिपोर्टर : राम गोपाल

लक्सर तहसील के सिकंदरपुर गांव में राशन डीलर के चयन को लेकर बुलाई गई बैठक उस समय तनावपूर्ण हो गई जब दो पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब एक पक्ष के युवक ने ग्राम प्रधान द्वारा प्रस्तुत किया गया डीलर चयन एजेंडा और रजिस्टर फाड़ दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते बैठक हिंसा में बदल गई।

मारपीट के दौरान कई पुरुषों और महिलाओं को चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है।

सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।