

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के चिकित्सा विभाग द्वारा आज मिल परिसर स्थित ओएचसी डिस्पेंसरी में एक विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न बीमारियों से संबंधित परामर्श व उपचार प्राप्त किया।


स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य वर्षा ऋतु में फैलने वाली जलजनित बीमारियों, मलेरिया, डेंगू, व अन्य मौसमी रोगों से लोगों को सचेत करना और उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर बीपी, शुगर, त्वचा रोग, पेट और लिवर रोग, आदि की जांच कर नि:शुल्क परामर्श व दवाइयां वितरित की गईं।


विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रही मौजूद

सेंचुरी मिल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव शंकर पंत ने जानकारी दी कि शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश नागेन्द्र, पेट व लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. सचिन चक्रवर्ती, त्वचा रोग विशेषज्ञ समेत अन्य अनुभवी चिकित्सक मौजूद रहे।
डॉ. पंत ने बताया कि,


“इस शिविर का उद्देश्य गंभीर व सामान्य बीमारियों के साथ-साथ वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों की रोकथाम और जनसामान्य को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।“

मच्छरों से बचाव के उपाय भी बताए

शिविर में लोगों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई रखने, स्वच्छ पेयजल के उपयोग और खानपान संबंधी सावधानियों को लेकर सरल व प्रभावी उपाय भी बताए गए ताकि मलेरिया और डेंगू जैसे रोगों से बचा जा सके।

भविष्य में भी होंगे ऐसे आयोजन

सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि कर्मचारियों व आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।



