

स्थान : मसूरी
रिपोर्टर : धर्मेंद्र सिंह


मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है।



कोठाल गेट के पास एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर मसूरी वन प्रभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और पेड़ को काटकर मार्ग को साफ किया गया।



बारिश के चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का कार्य किया गया, लेकिन मौसम की अनिश्चितता के चलते खतरा अभी भी बना हुआ है।


बारिश के कारण कई संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।


स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और अनावश्यक यात्रा न करें।


स्थानीय नागरिक अमित गुप्ता ने कहा, “बरसात से पहले नालों की सफाई और अन्य जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाने चाहिए थे। हर साल समय पर बारिश आती है, यह तय है, लेकिन प्रशासन समय रहते कदम नहीं उठाता। प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन तैयारी ज़रूरी है।”



