

रिपोर्टर : अरशद हुसैन
स्थान : रूडकी


लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रुड़की का नेहरू स्टेडियम अब नए स्वरूप में नजर आएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद प्रशासन और नगर निगम ने स्टेडियम के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में कार्य तेज कर दिया है।



स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 2.25 करोड़ रुपये का बजट पास किया गया है, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 93 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।



गौरतलब है कि नेहरू स्टेडियम शहर का एकमात्र ऐसा स्थान है जहाँ राजनीतिक, सामाजिक और खेल संबंधी कार्यक्रम आयोजित होते हैं। हालांकि पिछले कई वर्षों से इसकी स्थिति जर्जर बनी हुई थी, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।


रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हाल ही में नेहरू स्टेडियम के कायाकल्प की घोषणा की गई थी। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री जो घोषणा करते हैं, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा भी करते हैं।”


स्टेडियम के पुनरुद्धार से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें प्रशिक्षण के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।


शहरवासियों ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए इसे खेलों को बढ़ावा देने वाली पहल बताया है।



