त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा सक्रिय, विकास कार्यों के बूते जीत का दावा

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा सक्रिय, विकास कार्यों के बूते जीत का दावा

रिपोर्टर- गोविन्द रावत

स्थान- रानीखेत

त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह भंडारी ने एक प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पंचायत चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया।

“मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक विकास”

प्रेस वार्ता में नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते तीन वर्षों में ऐतिहासिक विकास कार्यों को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किया गया नकल विरोधी कानून एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार का अवसर मिला है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में अब तक एक लाख करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश आ चुका है, जिससे राज्य में आर्थिक प्रगति को बल मिला है और रोजगार के नए द्वार खुले हैं।

“भारी बहुमत से जीतेंगे भाजपा प्रत्याशी”

भंडारी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने जो कार्य धरातल पर किए हैं, वही अब पार्टी के प्रत्याशियों की जीत का आधार बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार भारी बहुमत से विजयी होंगे।

भाजपा नेता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के मुद्दों पर उनके पास कहने को कुछ नहीं है, इसलिए वे भ्रामक प्रचार कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश की जनता जागरूक है और वो विकास के साथ है।

कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क तेज करने का आह्वान

प्रेस वार्ता के अंत में भंडारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक पहुंचकर जनसंपर्क अभियान को और तेज करें तथा सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाएं।