

आईसीसी ने टी20 इंटरनेशनल की नई रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। लगातार हो रहे टी20 मुकाबलों के बीच यह पहली बार है जब आईसीसी ने लंबे समय बाद टी20 रैंकिंग अपडेट की है। हालांकि टॉप 5 में ज्यादा बदलाव नहीं दिखे, लेकिन भारतीय युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को बिना कोई मैच खेले भी फायदा मिला है।



ट्रेविस हेड पहले स्थान पर काबिज़
आईसीसी की नई टी20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग इस समय 847 है। भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं, जिनकी रेटिंग 829 है। तीसरे नंबर पर भी भारत के ही बल्लेबाज तिलक वर्मा का कब्जा है, जिनकी रेटिंग 804 है।



इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट चौथे स्थान पर हैं, जिनकी रेटिंग 791 है। वहीं, पूर्व इंग्लिश कप्तान जॉस बटलर पांचवें स्थान पर हैं, उनकी रेटिंग 772 है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव छठे नंबर पर हैं, जिनकी रेटिंग 739 है। श्रीलंका के पथुम निसंका सातवें स्थान पर (रेटिंग 736) और न्यूजीलैंड के टिम साइफर्ट आठवें स्थान पर (रेटिंग 716) हैं।



यशस्वी जायसवाल को फायदा, शे होप ने दिखाई रफ्तार
भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को बिना कोई टी20 इंटरनेशनल मैच खेले भी एक स्थान का फायदा मिला है। उनकी रेटिंग 673 है और वे दसवें से नौवें स्थान पर आ गए हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने चार स्थान की छलांग लगाकर 670 रेटिंग के साथ दसवें स्थान पर कब्जा किया है।



अन्य खिलाड़ियों की स्थिति
श्रीलंका के कुसल परेरा को दो स्थान, साउथ अफ्रीका के रीज हैंड्रिक्स को एक स्थान और पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम व मोहम्मद रिजवान को भी एक-एक स्थान का नुकसान हुआ है।



