

स्थान – सितारगंज
रिपोट – मो आरिफ

उधम सिंह नगर, 23 जुलाई:
जैसे-जैसे उत्तराखंड पंचायत चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, चुनावी मैदान में गर्मी बढ़ती जा रही है। उम्मीदवार अपने-अपने तरीकों से प्रचार अभियान को धार दे रहे हैं। जनपद की चर्चित जिला पंचायत सीट ‘भंगा’ से चुनाव लड़ रहीं निवर्तमान अध्यक्ष रेनू गंगवार के पक्ष में आज हरियाणा की मशहूर कलाकार और डांसर सपना चौधरी ने जोरदार रोड शो और जनसभा कर माहौल गरमा दिया।



सपना चौधरी के आगमन पर सुरेश गंगवार ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर हजारों की संख्या में समर्थक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


रोड शो से की प्रचार की शुरुआत
सपना चौधरी ने प्रचार की शुरुआत बरी फॉर्म से रोड शो के माध्यम से की। इसके बाद उन्होंने भंगा सीट के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों में जाकर लोगों से संवाद किया और रेनू गंगवार के समर्थन में मतदान की अपील की। रोड शो के दौरान रेनू गंगवार और सपना चौधरी साथ-साथ चलती रहीं और जनता का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।




शहदोरा ग्राउंड में हुआ विशाल जनसभा का आयोजन
रोड शो के समापन के बाद शहदोरा ग्राउंड में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें सपना चौधरी ने मंच से रेनू गंगवार के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा, “रेनू गंगवार ईमानदार और जनता की भलाई के लिए समर्पित प्रत्याशी हैं। आप सभी से अपील है कि उन्हें एक बार फिर सेवा का अवसर दें।”


जनता की फरमाइश पर सपना ने मंच से एक लोकप्रिय गीत भी गाया, जिससे माहौल और भी उत्साही हो गया।

मीडिया से बातचीत में जताया भावुकता और जुड़ाव
मीडिया से बातचीत के दौरान सपना चौधरी ने कहा, “इस क्षेत्र से मुझे बहुत प्यार मिला है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर लग रहा है कि रेनू गंगवार की जीत तय है। जीत के बाद मैं यहां जरूर एक प्रोग्राम करने आऊंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि, “यह क्षेत्र जितना प्राकृतिक रूप से सुंदर है, यहां के लोग भी उतने ही अच्छे और मिलनसार हैं।”




राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
सपना चौधरी जैसे चर्चित चेहरे के चुनाव प्रचार में उतरने से भंगा सीट का मुकाबला और भी रोचक हो गया है। माना जा रहा है कि इस रोड शो और जनसभा से रेनू गंगवार के पक्ष में माहौल और मजबूत हुआ है।



